Spread the love

केलांग | करंट न्यूज़: लाहुल-स्पीति में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव को लेकर व्यापारियों और पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इस बार पुलिस ग्राउंड केलांग में लगने वाले सभी व्यापारिक स्टॉल मेले की तय तारीख के बाद भी 24 अगस्त तक संचालित रहेंगे।

उपायुक्त एवं अध्यक्ष, राज्य स्तरीय जनजातीय मेला समिति लाहुल-स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि स्टॉल अब केवल 14 से 16 अगस्त तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि 14 अगस्त से 24 अगस्त तक आम जनता और पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे।

व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला

उपायुक्त ने कहा कि यह निर्णय दूर-दराज के क्षेत्रों और देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले व्यापारियों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों की सुविधा को देखते हुए लिया गया है।

इन व्यापारियों को परिवहन, आवास, स्टॉल स्थापना और अन्य व्यवस्थाओं पर भारी खर्च करना पड़ता है। अवधि बढ़ाने से उन्हें निवेश का बेहतर प्रतिफल मिल सकेगा।

स्थानीय व्यापार, पर्यटन और हस्तशिल्प को मिलेगा बढ़ावा

किरण भड़ाना ने कहा कि स्टॉलों के ज्यादा समय तक खुलने से व्यापारियों को उत्पादों के विपणन के लिए अधिक समय मिलेगा। इससे उनकी बिक्री बढ़ेगी और भविष्य में प्रतिष्ठित व्यापारी, स्वयं सहायता समूह, स्थानीय उद्यमी और जनजातीय हस्तशिल्पी भी इस मेले में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल राज्य स्तरीय जनजातीय मेले को नई पहचान देगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, पर्यटन, पारंपरिक जनजातीय कला और हस्तशिल्प के संरक्षण और संवर्धन में भी अहम भूमिका निभाएगी।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी फायदा

उपायुक्त ने कहा कि मेले के समापन के बाद भी 24 अगस्त तक स्थानीय निवासियों और लाहुल-स्पीति आने वाले पर्यटकों को विभिन्न उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिलेगा।

उन्होंने सभी स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से आग्रह किया कि वे इस विस्तारित अवधि का लाभ उठाएं और जनजातीय संस्कृति, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेते हुए स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों को प्रोत्साहित करें।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!