मृतक डॉ. बृज लाल प्रदेश के जाने-माने स्त्री रोग विशेषज्ञ थे, पूरे आनी-जाबन घाटी में शोक
आनी, (कुल्लू) | करंट न्यूज़ : जिला कुल्लू के आनी उपमंडल में शुक्रवार सुबह राणाबाग–देहुरी सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में कार खाई में गिर गई, जिसमें *पति-पत्नी की मौके पर ही मौत* हो गई, जबकि उनकी *18 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल* हो गई।
*सुबह 10:15 बजे मिली सूचना*
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:15 बजे राणाबाग निवासी हेम सिंह पुत्र धनी राम ने दूरभाष पर पुलिस को सूचित किया कि फाटी करशैगाड़ के पास कार नंबर HP 92 A 4300 दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई है।
*एक ही परिवार के 3 लोग थे सवार*
हादसे के समय वाहन में डॉ. बृज लाल (60 वर्ष) पुत्र दुधी, उनकी पत्नी सुनीता (54 वर्ष) और उनकी बेटी भव्या (18 वर्ष) सवार थे। तीनों गांव अमरबाग, फाटी जाबन, तहसील आनी के रहने वाले थे।

दुर्घटना में डॉ. बृज लाल और उनकी पत्नी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटी भव्या गंभीर रूप से घायल हो गई।
*स्थानीय लोगों और 108 ने बचाई जान*
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल भव्या को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
*पूरे क्षेत्र में शोक की लहर*

इस दर्दनाक हादसे से अमरबाग, जाबन घाटी और पूरे आनी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
*डॉ. बृज लाल* प्रदेश के एक *प्रतिष्ठित स्त्री रोग विशेषज्ञ* थे। स्वास्थ्य विभाग में सराहनीय सेवाएं देने के बाद वह जिला शिमला के रामपुर बुशेहर स्थित खनेरी में श्री खंड हॉस्पिटल का संचालन कर रहे थे और सैकड़ों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे थे।
एक ही परिवार पर इस तरह की विपदा से क्षेत्रवासी गहरे सदमे में हैं।