कुल्लू, धर्मचंद यादव : पिछले दिनों कुल्लू जिला मुख्यालय के साथ लगते गांधीनगर में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया को अधमरा करके नाले में फेंक दिया गया था। जिसकी बाद में बिलासपुर एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई।
वहीं, पुलिस ने इस मामले में कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में तैनात एक महिला डॉक्टर के साथ ही उसके डॉक्टर पति, ससुर व देवर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का दावा है कि कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया व महिला डॉक्टर के आपस में शारीरिक संबंध थे और उसी के चलते कनिष्ठ अभियंता की पिटाई करने के बाद उसे अधमरी हालत में नाले में फेंक दिया गया था। पुलिस दावा कर रही है कि महिला डॉक्टर के साथ अवैध संबंधों के चलते कनिष्ठ अभियंता की हत्या हुई है।
पुलिस के मुताबिक गुलाब सिंह गुलेरिया को पानी की पाइपलाइन चेक करने के बहाने महिला डॉक्टर के घर बुलाया गया था। जबकि जेई कभी पानी पाइप लाइन चेक करने नहीं जाए हैं। वह काम फिटर या अन्य फील्ड कर्मचारी करते हैं।
लेकिन लाभ सिंह गुलेरिया खुद महिला डॉक्टर के घर पाइप लाइन चेक करने पहुंचे। जहां पर उसकी बुरी तरह से पिटाई की गई और उसके बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई।

हालांकि पुलिस इस मामले में अभी जांच कर रही है, लेकिन सवाल यह कुलबुला रहा है कि कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया के अगर महिला डॉक्टर के साथ शारीरिक संबंध थे तो उसके परिजनों ने महिला डॉक्टर की पिटाई क्यों नहीं की ? कनिष्ठ अभियंता को किसके द्वारा घर बुलाया गया।
जबकि कनिष्ठ अभियंता के नजदीकी जानने वालों का कहना है कि लाभ सिंह गुलेरिया बेहद शालीन व्यक्तित्व के मालिक थे और वह किसी भी बुरी लत के शिकार नहीं थे। मगर पुलिस के मुताबिक लाभ सिंह गुलेरिया व महिला डॉक्टर की आपस में रोजाना घंटा फोन पर बातचीत होती थी।
सवाल यह भी उठ रहा है कि अगर कनिष्ठ अभियंता की मारपीट करके हत्या ही करनी थी तो उसे घर बुलाने की आवश्यकता क्यों पड़ी, उसे कहीं बाहर भी मारपीट कर फेंका जा सकता था। क्या जेई ने अपने बचाव में कोई प्रयास नहीं किये?

जिन लोगों ने लाभ सिंह गुलेरिया को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार के दौरान देखा, उनका कहना है कि कनिष्ठ अभियंता का चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था सम्भवतः उसकी आंखें फोड़ दी गई थी। अभी तक उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा भी नहीं हुआ है कि उसकी मौत कैसे हुई है।
वहीं, इस हत्याकांड को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं व बहस छिड़ गई है कि अगर कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया के महिला डॉक्टर के साथ शारीरिक संबंध थे तो उसमें महिला डॉक्टर की सहमति भी अवश्य रही है। ऐसे में केवल कनिष्ठ अभियंता की हत्या कर देना गंभीर अपराध है।
हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि दोनों की उम्र में 20 वर्ष का अंतर था। महिला डॉक्टर जेई से लगभग 20 वर्ष छोटी बताई जा रही है। भले ही पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठा दिया है लेकिन सवाल अभी भी बहुत हैं, जिनके जवाब तलाशने जरूरी है।