धर्मशाला | करंट न्यूज़: धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में *2007 से अब तक हुए भूमि लेन-देन* की विजीलैंस जांच ने तूल पकड़ लिया है। *देहरा के पूर्व विधायक* के मामले के बाद अब विजिलेंस ने *भाजपा के एक स्थानीय नेता* के खिलाफ भूमि लेन-देन और आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
*300 रजिस्ट्रियों की जांच, राजस्व रिकॉर्ड खंगाले*
जानकारी के अनुसार विजीलैंस पिछले कुछ समय से धर्मशाला तहसील क्षेत्र में हुई भूमि खरीद-फरोख्त की गहन जांच कर रही है। इस दौरान राजस्व विभाग से महत्वपूर्ण दस्तावेज जुटाए गए हैं। *धर्मशाला तहसील कार्यालय से करीब 300 भूमि रजिस्ट्रियों* की सत्यापित प्रतियां भी कब्जे में ली गई हैं।
इन दस्तावेजों का *राजस्व रिकॉर्ड, बैंकिंग लेन-देन और अन्य सरकारी अभिलेखों* से मिलान किया जा रहा है।
*चल-अचल संपत्तियों और निवेश की हो रही पड़ताल*
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में संबंधित नेता की चल-अचल संपत्तियां, बैंक खाते, निवेश, आय के स्रोत और अन्य वित्तीय लेन-देन का परीक्षण किया गया।

*लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों* से नेता के आवासीय भवनों और अन्य परिसंपत्तियों का *मूल्यांकन* भी करवाया गया। इन्हीं दस्तावेजों और तकनीकी रिपोर्टों के आधार पर *धर्मशाला थाना में एफआईआर* दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई है।
अब जांच एजेंसियां संपत्तियों के अधिग्रहण की समयावधि, धन के स्रोत, बैंकिंग लेन-देन, निवेश और *आयकर रिटर्न* का सत्यापन करेंगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों, वित्तीय संस्थानों और अन्य लोगों से भी पूछताछ हो सकती है।
*क्षेत्र में हलचल, मामला बना राजनीतिक*
इस कार्रवाई के बाद *धर्मशाला और आसपास के प्रॉपर्टी कारोबारियों* में हलचल है। वहीं भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर से मामला *राजनीतिक रंग* भी लेता दिख रहा है।

विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई *दस्तावेजों, तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया* के आधार पर हो रही है। जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएंगे। हालांकि स्थानीय अधिकारी इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं और *शिमला मुख्यालय* से जानकारी लेने की बात कह रहे हैं।
*नेता बोले- “राजनीतिक साजिश”*
उधर, संबंधित भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें अपने खिलाफ *किसी एफआईआर की जानकारी नहीं* है। न उन्हें कोई समन मिला है और न ही विजीलैंस ने संपर्क किया है। उन्होंने इसे *राजनीतिक कार्रवाई* करार देते हुए कहा कि _“सरकार जाते-जाते इस प्रकार के मामले बना रही है।”_
फिलहाल विजीलैंस की इस बड़ी कार्रवाई से धर्मशाला की सियासत गरमा गई है।