चंबा | करंट न्यूज़:
हिमाचल में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच *चंबा जिले* से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बीती रात पठानकोट–भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के पास लाहाड़ गांव के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में *एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत* हो गई।
*कौन थे मृतक? एक परिवार उजड़ गया*
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतक *भरमौर विधानसभा की गैहरा पंचायत* के रहने वाले थे। कार *बच्चन सिंह* चला रहे थे।
हादसे में *बच्चन सिंह, उनके बेटे रिपन, बहू रिंपी, पोता और भतीजी कीर्ति राणा* की मौत हो गई।
मृतकों की सूची।
1 बचन सिंह नारायण सिंह गैहरा पेशे से चालक,
2 रिपन कुमार बचन सिंह हिमाचल प्रदेश पुलिस की द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन (सेकेंड आईआरबीएन), सकोह में तैनात,
3 रिम्पी रिपन कुमार — रिपन कुमार की पत्नी,
4 कीर्ति केसर सिंह — केसर सिंह की पुत्री भतीजी।
5 शिशु — — परिवार का तीन माह का बच्चा।

*कीर्ति राणा* चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करती थीं। कुछ साल पहले उनके पिता का भी एक हादसे में निधन हो गया था।
*रिपन* हिमाचल पुलिस में हैं और पौंग डैम में तैनात हैं।
परिवार का *मासूम बच्चा बीमार* था। चार लोग उसे *PGI चंडीगढ़* से इलाज करवाकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें लील लिया।
*रात भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन*
हादसे की सूचना मिलते ही *डलहौजी पुलिस* मौके पर पहुंची और रात भर राहत-बचाव कार्य चलाया गया। *SP चंबा विजय सकलानी* ने बताया कि _“शवों को खाई से निकाल लिया गया है। पहचान और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।”_
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि भारी बारिश और फिसलन के कारण कार बेकाबू होकर खाई में गिर गई।

*नेताओं ने जताया शोक*
*भरमौर विधायक जनक राज* ने सोशल मीडिया पर लिखा: _“गैहरा के पांच लोगों की मृत्यु की सूचना हृदय विदारक है। महादेव से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दें।”_
*मंडी सांसद कंगना रनौत* ने कहा: _“भरमौर के गैहरा निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्यों का असामयिक निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को संबल दे।”_
*गांव में पसरा मातम*
इस हादसे के बाद पूरे गैहरा गांव में मातम का माहौल है। एक साथ 3 पीढ़ियों के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें।