सुंदरनगर (मंडी) | करंट न्यूज़: मंडी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर थाना की टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने *मंगलवार तड़के पुंघ में किरतपुर-मनाली फोरलेन* पर नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस से 143.180 ग्राम चिट्टा बरामद किया। मामले में कुल्लू जिले के एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है।
*कैसे पकड़े गए आरोपी*
जानकारी के अनुसार पुलिस ने पुंघ फोरलेन क्षेत्र में नाकाबंदी एवं वाहन जांच के दौरान बिलासपुर से मंडी की ओर आ रही एक वोल्वो बस को रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार एक युवक और एक युवती के संयुक्त कब्जे से *143.180 ग्राम चिट्टा* बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान *हनीश ठाकुर निवासी जिला कुल्लू* और *अंशिता नेगी निवासी मनाली, जिला कुल्लू* के तौर पर हुई है।

*एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज*
पुलिस थाना सुंदरनगर में दोनों आरोपियों के खिलाफ *एनडीपीएस एक्ट* के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को *न्यायालय में पेश* किया जा रहा है।
एसपी मंडी *विनोद कुमार* ने बताया कि _“मामले की गहन जांच जारी है। बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।”_

*एसपी बोले- कड़ी कार्रवाई होगी*
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि _“मंडी पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”_