Spread the love

कुल्लू | करंट न्यूज़:
कुल्लू जिले की भुंतर तहसील क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 2000 रुपए न मिलने से आहत होकर एक 16 वर्षीय नाबालिग ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

घटना भुंतर थाना क्षेत्र के गांव नंजा, डाकघर ठेला की है। मृतक की पहचान ठाकुर दास उर्फ रोहित पुत्र लीलाधर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार रोहित ने 22 जुलाई को घर में रखी खरपतवार नाशक दवा का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत के चलते उसे हरिहर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन 25 जुलाई को इलाज के दौरान रोहित ने दम तोड़ दिया।

पैसे न मिलने से आहत होकर उठाया कदम

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोहित अपने दोस्तों के साथ काम ढूंढने के लिए घर से बाहर जाना चाहता था। इसके लिए उसने अपनी मां मीरा देवी से 2000 रुपए मांगे थे। लेकिन परिवार की आर्थिक तंगी के कारण मां पैसे देने में असमर्थ थी। इसी बात से आहत होकर रोहित ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही भुंतर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

भुंतर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अभी तक किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!