Spread the love

आनी (कुल्लू), करंट न्यूज़: 3 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद हवलदार डोला राम का 27वां बलिदान दिवस शुक्रवार को उनके गृह क्षेत्र निथर में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम शहीद डोला राम मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित हुआ। 

*सैन्य सम्मान के साथ अर्पित किए पुष्पचक्र* 

समारोह में भारतीय सेना की महार रेजिमेंट के सूबेदार सत्येंद्र मिश्रा तथा अजीत पांडे बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। शहीद की धर्मपत्नी प्रेमा देवी ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर सैन्य सम्मान दिया और उनके बलिदान को नमन किया। इस मौके पर दो मिनट के मौन के साथ अमर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 

*‘शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर’* 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि SJVN (LHEP) की महाप्रबंधक अल्का जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शहीद हवलदार डोला राम की धर्मपत्नी प्रेमा देवी उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। 

*विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धांजलि* 

विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नाटक, भाषण तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मंच का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर और अनिल गोस्वामी ने किया। 

*ये गणमान्य रहे उपस्थित* 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत निथर के प्रधान प्रवीण कुमार, ग्राम पंचायत देहरा की प्रधान अनीता ठाकुर, ग्राम पंचायत तांदी के प्रधान संजीव, ग्राम पंचायत पलेही के प्रधान शिशुपाल, ग्राम पंचायत दुराह की प्रधान गिरिजा देवी, ग्राम पंचायत लोट के प्रधान वर चंद सोनी, बीडीसी सदस्य सुरेंद्र पाल सहित क्षेत्र के पूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक, अभिभावक और स्थानीय जमा दो विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीद हवलदार डोला राम के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर शहीद की धर्मपत्नी प्रेमा देवी के साथ सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!