‘किसानों की फसल का नहीं होने देंगे नुकसान’
जहालमा (केलंग), करंट न्यूज़: लाहुल-स्पीति के लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। जहालमा नाला पर आवागमन की दिक्कत जल्द दूर होने वाली है।
विधायक अनुराधा राणा ने आज मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और BRO व लोक निर्माण विभाग को काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
अच्छी खबर ये है कि BRO ने 15 दिन में पुल और PWD ने 10 दिन में फुट ब्रिज तैयार करने का भरोसा दिलाया है।

*विधायक ने लिया जायजा, दिए जल्द काम के निर्देश*
विधायक अनुराधा राणा ने सीमा सड़क संगठन (BRO) के ओसी पारस कोचर, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जहालमा नाला का दौरा किया। उन्होंने उस स्थान का जायजा लिया जहां आपातकालीन आवाजाही चल रही है और जहां नया पुल व फुट ब्रिज बनना है।
उन्होंने मौके पर ही PWD और BRO अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय सीमा में हर हाल में काम पूरा करें। ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिले।

*BRO-PWD का वादा: समय पर होगा काम*
BRO के ओसी पारस कोचर ने विधायक को आश्वस्त किया कि पुल का निर्माण कार्य अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग को 10 दिन के अंदर फुट ब्रिज तैयार करने के निर्देश जारी किए गए।
*किसानों को विधायक का भरोसा- ‘फसल को नुकसान नहीं होने देंगे’*
विधायक अनुराधा राणा ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी फसलों को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि “प्रशासन और सभी विभाग आपकी हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध हैं। क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा और किसानों के हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं”
*मौके पर ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद*
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनि गुलेरिया, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अजय गुप्ता, जिला परिषद सदस्य छेजांग डोलमा, जिला परिषद सदस्य पूनम, प्रधान कृष्णा, प्रधान प्रेम लाल, बीडीसी दिनेश कुमार, बीडीसी टशी केसांग, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष साहिल कटोच सहित वीर सिंह, शेर सिंह व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि जहालमा नाला पर पुल और फुट ब्रिज बनने से स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। बरसात में आवाजाही की समस्या भी खत्म होगी और फसलें मंडियों तक आसानी से पहुंच पाएंगी।