चंबा, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के तहत सलूणी उप मंडल में हुए एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को चंबा मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मां-बेटा कार में सवार होकर तेलका से अपने घर भड़ोही की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नहेली मोड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। कार के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही पुलिस को भी हादसे की सूचना दी।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत से मां-बेटे को खाई से निकलकर स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि बेटे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया है।

मृतक महिला की पहचान 60 वर्षीय सीता देवी पत्नी धर्मचंद निवासी गांव भड़ोई डाकघर डंडी तहसील सलूणी जिला चंबा के तौर पर हुई है। जबकि कार उनका बेटा दर्शन कुमार चल रहा था।
यह दोनों तेलका से अपने घर की तरफ जा रहे थे कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। वहीं, पुलिस ने भी मामला दर्ज करके हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।