Spread the love

शिमला, करंट न्यूज़ : हिमाचल सरकार व पुलिस द्वारा नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत शिमला जिला की ठियोग पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। जिसके तहत पुलिस ने 4 चिट्टा तस्करों के साथ ही चिट्टे का मुख्य सप्लायर भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ठियोग पुलिस को अपने खबरियों से जानकारी मिली कि मतियाना क्षेत्र में कुछ युवक एक वाहन में बैठकर नशे की खरीद फ़रोख़्त कर रहे हैं।

जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी करके संदिग्ध वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 34.440 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक वाहन में सवार चार युवकों की पहचान 32 वर्षीय प्रकाश चंद, 23 वर्षीय विजय कुमार, 26 वर्षीय कैलाश तीनों निवासी निरमण्ड जिला कुल्लू तथा 24 वर्षीय अभिषेक निवासी ननखड़ी जिला शिमला के तौर पर हुई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पूछताछ करने के साथ तकनीकी जांच से पता चला कि आरोपियों ने चिट्टे की यह खेप पंजाब से लाई थी।

जिस पर कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस की स्पेशल टीम ने पंजाब के मानसा जिले में छापामारी कर 30 वर्षीय शिवदेव सिंह को गिरफ्तार किया। बताया कि शिवदेव सिंह चिट्टे का मुख्य सप्लायर है, जो इस क्षेत्र के लिए लगातार चिट्टे की सप्लाई करता आ रहा था।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि आरोपियों से पूछताछ में नशे के बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!