मंडी, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में मंडी कुल्लू फोरलेन पर एक बस व कार की टक्कर में कार सवार युवक और युवती की मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक मंडी से कुल्लू जा रही कनिका बस की पंडोह डैम के पास कार से जबरदस्त टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार युवक व युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 23 वर्षीय शशांक पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव मजवान डाकघर कलखर जिला मंडी तथा 22 वर्षीय गायत्री देवी पुत्री राकेश कुमार निवासी गांव रिहाली टांडा डाकघर भांबला जिला मंडी के तौर पर हुई है।
जबकि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। जिनकी पहचान कश्मीर और दीक्षा के तौर पर हुई है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, पुलिस ने भी मामला दर्ज करके हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।