Spread the love

शिमला, करंट न्यूज़ : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने शुक्रवार को सदन में भाजपा पर बरसते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष सदन में सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नशा 3 साल में घर-घर नहीं पहुंचा। चूंकि हमारी सरकार तो 3 साल पहले ही सत्ता में आई है। हमारी सरकार ने नशा तस्करों की कमर तोड़ने का काम किया है, उन्हें कोई संरक्षण नहीं दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त 11 पुलिस कर्मी व 9 अन्य सरकारी कर्मचारी नौकरी से बर्खास्त किए गए। नशा तस्करों की संपत्तियों को नेस्तनाबूद किया है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 5 साल सोए रहे और नशा घर-घर तक पहुंच गया। पूर्व भाजपा सरकार ने 5 साल तक PIT-NDPS एक्ट तक लागू नहीं किया।

आरोप लगाया कि चिट्टे के घर-घर पहुंचने के लिए पूर्व जयराम सरकार दोषी है, पूर्व सरकार ने चिट्टे को घर-घर पहुंचाने में योगदान दिया। कहा कि भाजपा चिट्टे को समाप्त करने में सहयोग देने के बजाय राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस का मनोबल तोड़ने का काम भाजपा कर रही है, हमारी सरकार चिट्टे को मिटाने के लिए पुलिस के साथ खड़ी है। तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस बधाई की पात्र है

सीएम सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि एलएसडी नशे की तस्करी में शामिल एसटीएफ कर्मचारियों को भी पुलिस ने ही पकड़ा है। हमारी सरकार नशे के खिलाफ आज तक का सबसे बड़ा प्रदेश व्यापी अभियान चलाने के लिए पुलिस को बधाई देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ सरकार का अभियान जारी रहेगा, चाहे कोई बड़े से बड़ा नेता या कोई और कोई क्यों न हो, किसी को छोड़ेंगे नहीं। कहा कि भाजपा चिट्टे के खिलाफ लड़ाई को राजनीतिक मुद्दा न बनाए, यह जनहित का मुद्दा है।

उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा, मई-जून में मंडी में एंटी चिट्टा वॉकथान होगी। उसमें नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता भी आमंत्रित हैं।

कहा कि जयराम ठाकुर इसलिये परेशान हैं, चूंकि कांग्रेस से गए लोग उन्हें जीने नहीं दे रहे। हम उनकी प्रवृत्ति को जानते हैं, वे उन्हें चैन से नहीं बैठने देंगे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!