गुंटूर, एजेंसी : आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के मंगालागिरी में एक परिवारिक विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। यहां टिडको आवास कालोनी में रहने वाले 27 वर्षीय शेख अहमद की उसकी अपनी पत्नी ने हत्या कर दी।

शेख अहमद पेशे से एसी मैकेनिक था और पत्नी के साथ ही रहता था। घटना वाले दिन दोनों के बीच बहस की वजह टीवी की आवाज़ थी। अहमद ने अपनी पत्नी से टीवी की आवाज़ कम करने को कहा, जिस पर पत्नी गुस्से में आ गई और घर में रखे चाकू से अपने पति पर हमला कर दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और अहमद को लहूलुहान हालत में तुरंत विजयवाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हर संभव कोशिश की।

लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि शेख अहमद इलाज के दौरान ही दुर्भाग्यवश अपनी जान गंवा बैठे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।

छोटा झगड़ा बना जानलेवा
यह वारदात इलाके के लोगों के लिए चौंकाने वाली रही। एक खुशहाल घर में टीवी की आवाज़ को लेकर हुई इतनी भयावह घटना ने पूरे इलाके में तहलका मचा दिया।