भावानगर (किन्नौर), करंट न्यूज़ : शनिवार सुबह हिमाचल प्रदेश के किन्नौर के तहत भावानगर उपमंडल में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह लगभग 7 बजे एक कार टापरी से जानी की तरफ जा रही थी। कार में पांच लोग सवार थे। जैसे ही कार जानी संपर्क मार्ग पर पहुंची, तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार खाई में जा गिरी।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों में चार की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 19 वर्षीय हिमेश कुमार पुत्र नरेश कुमार निवासी जानी निचार, 42 वर्षीय कृष्णा पत्नी नरेश कुमार, 47 वर्षीय सुषमा पत्नी रोशन लाल निवासी ग्रांगे निचार और 30 वर्षीय इंद्र लाल पुत्र हरि लाल निवासी जानी के तौर पर हुई है। जबकि घायल 32 वर्षीय विद्या कृष्ण का छोल्टू अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी भेजा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।