मंडी, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के उपमंडल कोटली के सपलोह गांव में वीरवार सुबह घरेलू हिंसा के विवाद में पति द्वारा पत्नी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की घटना कीअखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने कड़ी निन्दा की है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिलाध्यक्ष वीना वैद्य व सचिव जैवन्ति के मुताबिक हालांकि उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन सवाल उठता है कि हिमाचल प्रदेश जैसे शांति प्रिय प्रदेश में ऐसी घटनाएं एक के बाद एक बढ़ती जा रही है। जो बेहद चिन्तनीय हैं।

इससे पहले भी मंडी शहर में घरेलू विवाद के चलते महिला पर तेजाब फैंकने का मामला सामने आया था। जिसका पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया था। यही नहीं वीरवार सुबह कांगड़ा जिले के देहरा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला चनौर में बच्चों के सामने ही मिड डे मील वर्कर की दराटी से वार करके हत्या कर दी गई।

वीना वैद्य व जैवन्ति ने कहा कि इन सभी घटनाओं से प्रतीत होता है कि हिमाचल प्रदेश में काननू व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। अपराधियों में कानून का भय लगभग समाप्त है। यदि इन अपराधियों को तुरंत कार्यवाही करके कड़ी से कड़ी सजा मिल जाये, तो इससे समाज में क़ानून व्यवस्था का भय रहेगा।

जनवादी महिला समिति ने इस तरह के जघन्य और अमानवीय घटनाओँ की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए सरकार व प्रशासन से मांग की है कि इन आरोपितों को हिरासत में लेने भर से जिम्मेदारी पूरी नहीं होगी, बल्कि इन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।