Spread the love

मंडी, करंट न्यूज़ : देश विदेश में छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी जिला मुख्यालय के साथ लगता कोटली उपमंडल में एक बेहद ही खौफनाक मंजर सामने आया है। हालांकि इससे पहले छोटी काशी में एक महिला को तेजाब फेंक कर जला दिया था। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

अभी उस महिला की दुखद मौत से छोटी काशी उबरी नहीं थी कि अब कोटली में एक सिरफिरे पति ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी पर पेट्रोल छिड़क कर उसे आग लगा दी। जिस महिला का चेहरा व बाल बुरी तरह से जल गए हैं। महिला गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज नेरचौक से पीजीआई रेफर कर दी गई है।

लेकिन इस घटना ने सामाजिक संगठनों को चिंतन करने पर विवश कर दिया है कि इस तरह से लोग विवाद में अपने ही परिजनों पर घातक हमले करने लग गए हैं। निश्चित तौर पर समाज को इस पर गंभीर चिंतन करने की आवश्यकता है।

गौरतलब है कि जिले के कोटली उपमंडल के सपलोह गांव में घरेलू विवाद के चलते एक महिला के आग से झुलसने का मामला सामने आया है। जबकि महिला के मायका पक्ष ने पति पर उसे जलाने का आरोप लगाया है।

मौके से पुलिस को थोड़ी मात्रा में पेट्रोल बरामद हुआ है। ऐसे में पेट्रोल छिड़कने की आशंका है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के पिता कृष्ण चंद ने बताया कि उनकी बेटी नीलम और दामाद ने करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 और 7 साल है।

कृष्ण चंद के अनुसार, शादी के कुछ सालों बाद से ही उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा था। कई बार आपसी समझौतों से विवाद सुलझ जाते थे, लेकिन अब स्थिति गंभीर हो गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी ने जहर खा लिया है। लेकिन, बाद में उन्हें पता चला कि उनकी बेटी जली हुई है, जिसके बाद कोटली पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने घटना स्थल का दौरा किया। वहीं, आरएफएसएल टीम ने घटनास्थल का दौरा कर तथ्य जुटाए और सैंपल लिए।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने पीड़िता के परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड में लेने की अपील की गई है।

पीड़िता के माता-पिता सहित बड़ी संख्या में महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी विनोद कुमार से मुलाकात कर नीलम को न्याय दिलाने की गुहार लगाई।

वहीं, रिटायर्ड सैनिक और समाजसेवी भास्कर ठाकुर ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि मंडी में पहले तेजाब कांड हुआ था।

अब नीलम इस तरह की घटना का शिकार होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और एसपी मंडी से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई गई है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!