चंडीगढ़/कुल्लू, करंट न्यूज़ : रेलवे पुलिस हरियाणा की टीम ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 15 किलो 84 ग्राम चरस की बड़ी खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपए आंकी गई है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने जीआरपी चंडीगढ़ की टीम की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। रेलवे मार्गों के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, एसपी जीआरपी नितिका गहलोत ने बताया कि रेलवे स्टेशन चंडीगढ़ पर विशेष चैकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान थाना प्रबंधक निरीक्षक उर्मिला देवी के नेतृत्व में गठित टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका। उनकी तलाशी लेने पर उनसे 15 किलो 84 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय राहुल पुत्र तारा चंद निवासी गांव चोंग तहसील भुंतर जिला कुल्लू व 24 वर्षीय रमजान पुत्र मोहम्मद अली, निवासी राहतर तहसील भुंतर जिला कुल्लू के तौर पर हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।