Spread the love

धर्मचंद यादव,
संपादक, करंट न्यूज़।

पिछले दिन हिमाचल सरकार के वित्त विभाग द्वारा पेश की गई वित्तीय स्थिति प्रदेश के बेहद भयावह हालात पेश कर रही है। जिसकी वजह से जहां पर प्रदेश के कर्मचारी वर्ग से लेकर हर वर्ग चिंता में पड़ गया है। वहीं, प्रदेश के विकास को भी पूरी तरह ग्रहण लग गया है। वर्तमान कांग्रेस सरकार केवल अपने मित्रों का उद्धार करने में जुटी हुई है।

40000 करोड़ लोन लेने के बावजूद भी प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं हो रहा है, विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प है। कर्मचारियों से लेकर पेंशनरों व दुग्ध उत्पादकों तक के पैसों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। एक तरह से कहें तो हिमाचल की यह सरकार हर तरह से विफल साबित हुई है। अब तक के कार्यकाल में यह सरकार खर्च बढ़ाने के साथ-साथ मित्रों को खुश करने में जुटी हुई है।

यह बात पिछले दिन हिमाचल विधानसभा में मंडी जिला के नाचन विधानसभा क्षेत्र का तीसरी बार प्रतिनिधित्व कर रहे विधायक विनोद कुमार ने करंट न्यूज़ के संपादक धर्मचंद यादव के साथ बातचीत करते हुए कही।

विनोद कुमार का कहना है कि इस सरकार का न तो कोई विजन है और न ही कोई सकारात्मक योजना है, जो धरातल पर सरकार की उपलब्धि को बता सके। केवल पूर्व भाजपा सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार को कोसने का काम किया जा रहा है।

हालांकि केंद्र सरकार राज्य सरकार की हर संभव आर्थिक मदद भी कर रही है। लेकिन उसके बावजूद भी प्रदेश कांग्रेस सरकार लगातार केंद्र सरकार की आलोचना करने में व्यस्त है।

विनोद कुमार ने कहा कि पूर्व में रहे मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को हर वर्ग का मुख्यमंत्री माना जाता है। जिन्होंने अपने कार्यकाल में प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए कोई न कोई कार्य किया है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को पानी वाले मुख्यमंत्री तथा प्रेम कुमार धूमल को सड़कों वाले मुख्यमंत्री के नाम से जाना जाता है।

लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री को किस नाम से जाना जाएगा यह अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। क्योंकि उनके अभी तक के कार्यकाल की ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है कि उन्हें इस तरह का कोई तमगा दिया जा सके।

विनोद कुमार ने करंट न्यूज के साथ बातचीत में कई तीखे सवालों के जवाब भी दिए, देखें वीडियो :-

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!