कुल्लू, प्रिया शर्मा : नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर 9 हनुमानी बाग स्थित महादेव गौ सदन संस्था के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

उद्घाटन समारोह के दौरान अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि गौशालाओं को अक्सर फंड की कमी का सामना करना पड़ता है, ऐसे में समाज के सभी वर्गों को आगे आकर दिल खोलकर दान करना चाहिए, ताकि बेसहारा गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने महादेव गौ सदन को संचालित करने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि जिस समर्पण और मेहनत से गौ सदन का संचालन किया जा रहा है, वह काबिले-तारीफ है। कहा कि संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

इस अवसर पर महादेव गौ सदन के प्रधान नवनीत सूद, सचिन सूद सहित गौ सदन के कार्यकारिणी सदस्य एवं संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।