Spread the love

कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की जयसिंहपुर तहसील के सकोह खेल मैदान में हुड़दंग मचा रहे युवकों ने पुलिस टीम पर तेजधार हथियार दराट से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में आलमपुर चौकी के एएसआई विजय कुमार बाल-बाल बचे।

जबकि बीच-बचाव करने आए एक स्थानीय युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सकोह मैदान के पास कुछ युवक हंगामा कर रहे हैं। जब एएसआई विजय कुमार और आरक्षी गोपाल सिंह मौके पर पहुंचे, तो आरोपी रोहित और साहिल उग्र हो गए।

जैसे ही एएसआई पूछताछ के लिए आगे बढ़े, तो रोहित ने पीठ पीछे छिपाया हुआ दराट निकाल कर उन पर हमला कर दिया। एएसआई ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई।

मौके पर मौजूद सकोह निवासी विकास जब आरोपियों को समझाने आगे आए तो रोहित ने उन पर भी दराट से हमला कर दिया। हमले में विकास के चेहरे पर गहरी चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर गए। जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर ढांक से छलांग लगाकर भाग निकले।

पुलिस ने रात भर सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों आरोपियों साहिल निवासी गाहलियां डाकघर वरडाम और रोहित निवासी जगरूपनगर, तहसील जयसिंहपुर जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान पुलिस पर हमला करने और स्थानीय युवक को गंभीर चोट पहुंचाने के जुर्म में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!