कुल्लू, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अरसू में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन द्वारा पहली बार वार्षिक पारितोषिक वितरण के साथ “पूर्व छात्र मिलन”(Grand Alumni Meet) समारोह का ऐतिहासिक एवं भव्य आयोजन किया जा रहा है।

जिसमें दशकों पूर्व इस विद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर निकले होनहार छात्रों ने जहां अपनी व अपने क्षेत्र पहचान बनाई, वहीं इस विद्यालय की भी देश विदेश में बेहतर पहचान कायम हुई है। क्षेत्र व विद्यालय की पहचान बने ये पूर्व छात्र सोमवार को विद्यालय के मंच पर एकसाथ नजर आएंगे।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा कर इसकी महत्ता बढ़ाएंगे। जबकि हिमाचल प्रदेश मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के तौर पर अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज करेंगे।
जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य योगराज ठाकुर ने बताया कि विद्यालय के प्रतिष्ठित एवं विशिष्ट पूर्व छात्र, जिन्हें Super Alumni के रूप में सम्मानित किया जाएगा, समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।

1973 से अब तक के टॉपर्स होंगे सम्मानित
उन्होंने बताया कि इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें वर्ष 1973 से लेकर वर्तमान तक कक्षा 10वीं और 12वीं के सभी मेधावी टॉपर छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। वहीं विद्यालय के सबसे वरिष्ठ जीवित पूर्व छात्र को विशेष सम्मान देकर भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया जाएगा।
इस मौके पर विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो विद्यालय की सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभा को दर्शाएंगी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य योगराज ठाकुर एवं समस्त स्टाफ ने क्षेत्र के सभी पूर्व छात्रों, अभिभावकों और प्रबुद्ध नागरिकों से इस आयोजन में भाग लेने आग्रह करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम यादों को संजोने, अनुभव साझा करने और विद्यालय के भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर प्रदान करेगा।
पूर्व छात्र मिलन का यह कार्यक्रम आने वाले समय मे विद्यालय और समाज के बीच मजबूत संवाद व सामाजिक सरोकार सेतु की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।