Spread the love

मेरठ, एजेंसी : वर्ष 1975 में आई फिल्म शोले आज भी लोगों को पसंद है। वहीं बसंती से शादी करने के लिए टावर पर वीरू के चढ़ने का दृश्य लोगों को रोमांचित कर देता है।

पिछले दिन सुबह मेरठ के मवीमीरा गांव में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, लेकिन यहां मामला उल्टा था। बसंती बनी युवती प्रेमी से शादी की जिद लिए बिजली के टावर पर चढ़ गई। प्रेमी के मौके पर आने पर ही युवती नीचे उतरी।

मिली जानकारी के मुताबिक दौराला के एक गांव निवासी युवती की कुछ माह पहले लावड़ गांव निवासी युवक से सोशल मीडिया पर दोस्ती हो गई। दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों लावड़ में एक दो बार कैफे में मिले भी। दोनों ने एक दूसरे से शादी करने की बात कही। मामले की जानकारी जब दोनों के परिजनों को लगी तो लड़के के पिता शादी को तैयार नहीं हुआ।

बिरादरी के कुछ लोगों के साथ 9 दिसंबर को दोनों पक्षों में वार्ता हुई और शादी नहीं करने पर सहमति बनी। बताया गया कि युवक के पिता ने युवती के परिजनों को 50 हजार रुपये भी दिए। लेकिन युवती प्रेमी से ही शादी करने की जिद लिए सुबह छह बजे घने कोहरे में बिजली के टावर पर चढ़ गई।

10 बजे के बाद कोहरा हल्का हुआ तो ग्रामीणों की नजर टावर पर चढ़ी युवती पर पड़ी। ग्रामीणों ने युवती के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों, पुलिस और ग्रामीणों ने युवती की काफी मान मनौव्वल की, लेकिन वह नीचे नहीं उतरी। प्रेमी के पिता भी मौके पर पहुंचे, लेकिन युवती ने नीचे उतरने से इंकार कर दिया।

युवती ने चेतावनी दी कि यदि उसे जबरन उतारने का प्रयास किया तो वह कूद जाएगी या बिजली करंट की रेंज में और ऊपर चढ़ जाएगी। इस कारण पुलिस व ग्रामीण टावर पर चढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। लगभग 12 बजे उसका प्रेमी मौके पर पहुंचा, जिसके बाद युवती नीचे उतर आई।

पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि दोनों को पुलिस काउंसिलिंग कर समझा रही है। युवती अपने प्रेमी से ही शादी करने की जिद पर अड़ी है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!