मंडी, करंट न्यूज़ : शुक्रवार को जनवादी महिला समिति जिला मंडी की बैठक अध्यक्ष डॉ वीना वैद्य की अध्यक्षता में ताराचंद भवन में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला सचिव जयवंती के द्वारा किया गया।

बैठक में राष्ट्रीय और राज्य के ज्वंलत मुदों पर चर्चा की गई। जिसमें मनरेगा और महिला हिंसा पर डॉ वीना वैद्य ने केन्द्र सरकार द्वारा मनरेगा एक्ट को बदल कर विकसित भारत जी राम जी बिल संसद में जो पास किया, उसकी कड़ी निन्दा की तथा मांग की कि इस बिल को तुरंत रद्द किया जाए। क्योंकि मनरेगा में अधिकतर महिलाएं काम करती थी।

लेकिन जी राम जी बिल में बजट का प्रावधान नब्बे व दस प्रतिशत की अपेक्षा साठ व चालीस कर दिया है। जिससे राज्य सरकारों पर भारी बजट का बोझ पड़ेगा।जिसका परिणाम यह होगा कि धन के अभाव में ग्रामीण इलाकों में रोजगार के दिन और भी कम हो जाएंगे।

जबकि एक्ट से महात्मा गांधी का नाम हटाया जाना भी यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार गांधी नाम से कितनी नफरत करती है। बैठक में देश प्रदेश में बढ़ रहे महिला हिंसा, यौन शोषण, बलात्कार मामलों पर भी चर्चा हुई।

कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर जो उन्नाव की युवती के बलात्कार केस में उम्रकैद की सजा भुगत रहा था, उसे जमानत मिल जाना इस बात का सबूत है कि एक तरफ भाजपा सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है।
दूसरी तरफ राम रहीम, आशा राम व कुलदीप सेंगर जैसे बलात्कारियों को जमानत पर छोड़ा जा रहा है। इसकी जनवादी महिला समिति ने कड़ी निन्दा करते हुए उसकी जमानत रद्द करने की मांग की है।

बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए ठोस योजना बनाई व आने वाले समय में महिला मुद्दों, महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व स्वास्थ्य के मुद्दों को भी जोरदार तरीके से उठाने का निर्णय लिया।
बैठक में जिला कोषाध्यक्ष सुनीता, प्रमिला, शकुंतला, ललिता, पूनम, लीला भावना, विनय, नीरा, मीना आदि ने भाग लिया।