Spread the love

टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में 28 करोड़ की पैट स्कैन मशीन लगाने की घोषणा

धर्मशाला, करंट न्यूज : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कांगड़ा ज़िला के धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तंगरोटी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन शिकायतें सुनी।

इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय महिला मंडलों के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने रामेड़-तंगरोटी सम्पर्क मार्ग, तंगरोटी सम्पर्क मार्ग की टारिंग और निकटवर्ती सड़क मार्गों के लिए भी धनराशि जारी करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा जिला को राज्य की पर्यटन राजधानी घोषित किया है, जिसके दृष्टिगत क्षेत्र में अनेक पर्यटन परियोजनाओं को साकार रूप दिया जा रहा है। इससे आगामी समय में स्थानीय लोगों के लिए आमदनी के नए साधन सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 460 करोड़ रुपये जारी किए हैं और इसका कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के विस्तारीकरण से इसके समीपवर्ती क्षेत्रों में ज़मीन की कीमतों में वृद्धि होगी और क्षेत्र में पर्यटकों की आमद में भी बढ़ोतरी होगी जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।

उन्होंने लोगों से प्रदेश की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को घरद्वार के निकट रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।

ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों के आधुनिकीकरण पर विशेष बल दे रही है। शिक्षा क्षेत्र में किए गए वर्तमान राज्य सरकार द्वारा किए गए सुधारों के परिणामस्वरूप प्रदेश अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में देश में 5वें स्थान पर है। जबकि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल 21वें स्थान पर था।

उन्होंने कहा कि पहली बार स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सुधार कार्य किए हैं। एम्ज की तर्ज पर कांगड़ा जिला में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा और शिमला जिला के अटल आयुर्विज्ञान चिकित्सा अस्पताल चमियाना में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में पैट स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए 28 करोड़ रुपये जारी गए हैं। इसके अलावा, एडवांस्ड सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनें भी लगाई जा रही हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं पंचायतों का दौरा कर जनता से सुझाव ले रहे हैं। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत और उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, धर्मशाला की महापौर नीनू शर्मा, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!