केलंग, करंट न्यूज : ज़िला प्रसाशन एवं साडा के संयुक्त तत्वाधान में आज बारालाचा टॉप पर एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व उपायुक्त लाहुल-स्पीति किरण भड़ाना ने किया।

इस अभियान में जिला प्रशासन के साथ हीलिंग हिमालयास एवं साहस एनजीओ, सीमा सड़क संगठन के ओसी लेफ्टिनेंट कर्नल तेजस मोरे एवं सदस्य तथा साडा के अंतर्गत काम करने वाले वास्की ट्रेडर्स के अरुण व उनके सहयोगियों ने हिस्सा लिया।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि इस स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखते हुए पर्यावरण को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखना था। बताया कि इस अभियान के अंतर्गत कूड़ा-कचरा एकत्रित कर उचित स्थानों पर निस्तारण किया गया। जिसमें लगभग 55 बैग कूड़े के एकत्रित किये गये।

बताया कि इस अभियान के अंतर्गत पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके पश्चात सभी द्वारा दीपक तक में भी इसी प्रकार का स्वच्छता अभियान चलाया गया, जहाँ से शीशे की बोतलें एवं अन्य प्लास्टिक का कूड़ा एकत्रित किया गया।

किरण भड़ाना ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के नियमित स्वच्छता अभियानों को सफल बनाने हेतु पूर्ण समर्थन एवं सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर अन्य विभागाध्यक्षों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भी स्वच्छता के महत्व पर विचार व्यक्त किए और सभी नागरिकों से स्वच्छता में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई।

एसपी शिवानी महला, सहायक आयुक्त कल्याणी तिवाना, वन मण्डलाधिकारी इंद्रजीत सिंह सीरा, उपनिदेशक बागवानी मीनाक्षी शर्मा, ज़िला कृषि अधिकारी मुंशी राम ठाकुर, एसडीओ पीडब्ल्यूडी नरेश ठाकुर, एसडीओ आईपीएच संजीव बोध सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी इस अभियान में सक्रिय रूप से मौजूद रहे। सफाई अभियान में जिला के विभिन्न महिला मंडलों के सदस्यों ने विशेष रूप से भाग लिया।