ऊना : मंगलवार को विजिलेंस की ऊना की टीम ने एक शिकायत के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सीजीएसटी इंस्पेक्टर अंशुल धीमान को उसी के कार्यालय में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी इंस्पेक्टर अंशुल धीमान हिमाचल प्रदेश जिला कांगड़ा के पालमपुर उपमंडल के डाढ गांव का रहने वाला है।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार आरोपी इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से किसी काम के बदले में 1.25 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। जिस पर शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत विजिलेंस थाना ऊना को दी।
शिकायत मिलते ही विजिलेंस के डीएसपी फिरोज खान के नेतृत्व में टीम ने शिकायत की पुष्टि करके आरोपी इंस्पेक्टर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
जानकारी के मुताबिक विजिलेंस टीम ने इंस्पेक्टर को ट्रैप करते हुए जीएसटी कार्यालय ऊना में छापा मारा और आरोपी को रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 50,000 लेते हुए रंगेहाथ धर लिया। विजिलेंस टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
आरोपी जीएसटी इंस्पेक्टर अंशुल धीमान को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।