करंट न्यूज ब्यूरो
कुल्लू
देश विदेश में प्राकृकि सौंदर्य के लिये विख्यात कुल्लू जिला का प्रवेश द्वार भुंतर लंबे अरसे से अनेक समस्याओं से जुझ रहा है। लेकिन राजनैतिक व प्रशासनिक तौर पर उपेक्षित भुंतर शहर की समस्याओं के निवारण के लिये आज तक किसी ने भी कोई प्रयास नहीं किये।
जिसके कारण भुंतर के स्थानीय लोगों के अलावा यहां रोजाना खरीददारी करने आने व देश विदेश से आने वाले सैलानियों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लेकिन अब कुल्लू जिला के नये उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने भरोसा दिया है कि वह जल्द ही भुंतर की समस्याओं के निराकरण के लिये ठोस प्रयास करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिन भुंतर शहर की समस्याओं को लेकर करंट न्यूज के संपादक धर्मचंद यादव , एमडी सुजाता शर्मा व सलाहाकार डीआर ठाकुर ने उपायुक्त आशुतोष गर्ग से मुलाकात की। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि भुंतर शहर में कुड़े कचरे की गंभीर समस्या है।
जिसका निस्तारण सही ढंग से नहीं हो रहा है। जिसके कारण शहर में गंदगी का आलम बना रहता है। गंदे पानी की निकासी सही ढंग से न होने के कारण गंदा पानी सड़कों व रास्तों में बहता है।
उन्होंने उपायुक्त को भुंतर शहर के इकलौते पार्क की दुर्दशा से भी अवगत करवाया। बताया कि पार्क पूरी तरह से कचरे की डंपिंग साइट बना दिया गया है। जिस पार्क पर नगर पंचायत ने लाखों खर्च किये हैं, उसमें दिन भर कचरे से भरे वाहन खड़ रहते हैं ।
सारा कचरा वहीं पर जमा किया जाता है। जिसके कारण पार्क की हालत बहद ही खराब है। इसके साथ ही कचरे से उठती बदबू के कारण आसपास रहने वालों को भी भारी परेशानी होती है।
इसके साथ ही करंट न्यूज के संपादक व भुंतर प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मचंद यादव ने उपायुक्त आशुतोष गर्ग को जनजातीय भवन के पीछे सब्जी मंडी का कचरा फैंके जाने से वहां रहने वाले लोगों लोगें को हो रही परेशानी से भी अवगत करवाया। वहीं भुंतर शहर की खस्ताहाल सड़कों की भी जानकारी दी।
उपायुक्त को बताया कि भुंतर शहर लंबे अरसे से राजनैतिक प्रशासनिक तौर पर उपेक्षित होने के कारण शहर की समस्याओं का कोई निराकरण नहीं हो रहा है। जिसके कारण लागों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उपायुक्त से भुंतर शहर का दौरा कर लोगों की समस्यायें सुनने का भी आग्रह किया।
उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुये कहा कि वह जल्द ही भुंतर शहर का दौरा करेंगे और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करके शहर की समस्याओं का निराकरण करने का हर संभव प्रयास करेंगे। ताकि लोगों को रोजाना की दिक्कतों से निजात मिल सके।