मंडी, करंट न्यूज : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में फोरलेन पर डडौर के पास एक डंपर द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मोटरसाइकिल चालक को हल्की चोट आई।

मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर बाद पति-पत्नी मोटरसाइकिल पर सवार हो कर सुंदरनगर से नेरचौक की तरफ जा रहे थे। इस दौरान जब वह डडौर के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर द्वारा उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक करने की कोशिश में डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
जिससे मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गईं और वह डंपर के पिछले टायर के नीचे आ गईं। जिससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतका महिला की पहचान 41 वर्षीय लता देवी निवासी भोजपुर बाजार, सुंदरनगर के तौर पर हुई है। जबकि उनके पति की पहचान यादविंद्र शर्मा के तौर पर हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगने के बाद डंपर चालक ने वाहन को कुछ दूरी पर रोका और मौके से फरार हो गया।

हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं, डंपर को कब्जे में ले फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
