सुजानपुर (हमीरपुर), बिंदिया ठाकुर : सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा ने पूर्व विधायक राजेंद्र राणा से सवाल किया है कि वे पाँच मार्च को सुजानपुर में कौन सा आंदोलन, किस लिए करने जा रहे हैं? कहा कि जब वे विधायक थे तब तो क्षेत्र की जनता के बजाय अपने व्यक्तिगत विकास में ही मशगूल रहे, अब जनता ने घर बिठा दिया हैं तो क्षेत्र के विकास की बड़ी चिंता करने लगे हैं।
मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए राजेन्द्र वर्मा ने कहा कि सुजानपुर क्षेत्र में जो भी बड़ा विकास कार्य शुरू होता है तो पूर्व विधायक उसके ऊपर ये टिप्पणी करते हुए नज़र आते हैं कि यह धनराशि मैंने मंज़ूर करवाई थी। लेकिन उन्हें ये भी ज्ञान होना चाहिए कि ये मंज़ूरी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार में हुई थी।
उन्हें उस नाकामी को भी दर्शाना चाहिए, जिसकी वजह से पूरे सवा साल पूर्व विधायक इसी मुख्यमंत्री को अपदस्थ करने तथा स्वयं को मंत्री बनाने की वकालत में मशगूल रहे। जबकि विकास कार्यों को मंज़ूर राशि की को इस्तेमाल करने की तरफ़ ध्यान ही नहीं दिया।
कहा कि मुख्यमंत्री उस समय भी सुजानपुर का विशेष ध्यान रखते थे और अब भी सुजानपुर की जनता उनके लिए विशेष है। अब तो वर्तमान विधायक का दायित्व है कि वे क्षेत्र के विकास के लिए भरपूर योगदान दें और उसमें वह अपने छोटे से कार्यकाल में ही बड़े बड़े कार्य करने में सफल हुए हैं तथा और भी विकास कार्य करने के लिए प्रयासरत दिखते हैं।
राजेन्द्र वर्मा ने कहा कि पूर्व विधायक चिंता न करें, सुजानपुर में शीघ्र ही आधुनिक बस अड्डा भी बनेगा, जल शक्ति विभाग का डिवीज़न भी खुलेगा तथा डिग्री कॉलेज भी बनेगा। लेकिन वहीं बनेगा जहाँ क्षेत्र की जनता चाहेगी। अब उनकी मनमानी नहीं चलेगी। नाले में खेल मैदान तक तो वह मनमर्ज़ी से बना चुके हैं।
कहा कि टौणी देवी की जनता ने कभी माँग नहीं की कि वहाँ पर डिग्री कॉलेज खोला जाए। क्योंकि डिग्री कॉलेज उनके पास पड़ोस में ही अणु और कन्जयाण में चल रहा है। लेकिन विधायक ने वहां पर कालेज की माँग कर डाली और मुख्यमंत्री ने मान भी ली। लेकिन आज वहां पर कोई बच्चा दाखिल नहीं है। जबकि टौणी देवी की जनता तो टौणी देवी में एसडीएम ऑफ़िस चाहती थी, अगर उन्होंने मुख्यमंत्री से इसे माँगा होता तो कॉलेज की जगह आज वहां एसडीएम ऑफ़िस होता।
उन्होंने सवाल किया कि पूर्व विधायक बताएँ कि सुजानपुर में निर्माणाधीन चार करोड़ की लागत से बनने वाला टाउन हॉल तथा दो करोड़ की लागत से बनने वाला जल शक्ति विभाग का रैस्ट हाउस व सिविल हॉस्पिटल सुजानपुर का आवासीय भवन किस मुख्यमंत्री ने मंज़ूर किया था? कहा है कि पूर्व विधायक धैर्य रखें, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शीघ्र ही सुजानपुर के लिए बड़ी सौगातें ले करके आ रहे हैं।
उनके साथ नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, बीना धीमान, पूर्व युकां अध्यक्ष विनय शर्मा, महासचिव सिद्धार्थ वालिया, सेवादल के मनोज शर्मा, राकेश अग्निहोत्री, सुरजीत कुमार, अनिल पुरी, मनोज चौधरी, युवा कांग्रेस के पवन कुमार, महिला कांग्रेस की प्रवीण मोहिनी, मधुबाला व हरप्रीत कौर सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी व वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।