कुल्लू, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला की मणिकर्ण घाटी में तोष गांव के बीच में बहने वाले जीरा नाले में बीती देर रात से पानी का प्रवाह किन्हीं कारणों से रुक गया है।

जिसकी वजह से जीरा नाला के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। वहीं, तोष गांव के पास जीरा नाले में बने 5 मेगावाट के हाइडल प्रोजेक्ट को भी खतरा बना हुआ है।

हालांकि प्रशासन द्वारा जीरा नाले में जहां पानी का प्रवाह रुका हुआ है, वहां के लिए विशेषज्ञ टीम रवाना कर दी गई है। इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा लोगों को अलर्ट करते हुए आग्रह किया है कि वह तोष नाले के साथ-साथ पार्वती नदी के किनारे से दूर रहे ताकि, किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कुल्लू के एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि फिलहाल अभी तक नाले में पानी का प्रवाह रुकने के कारणों का सही पता नहीं चल पाया है। लेकिन समस्या के समाधान के लिए मौके पर विशेषज्ञ टीम को रवाना कर दिया है।
जो वहां पहुंचकर इस समस्या को दूर करने का प्रयास करेगी। फिलहाल उन्होंने कहा कि पानी का प्रवाह रुकने से खतरा बरकरार है, लेकिन जल्द ही इस समस्या से निजात पा ली जाएगी।

उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ-साथ सैलानियों से भी आग्रह किया है कि वह पार्वती नदी से दूर रहे और फोटोग्राफी व सेल्फी लेने के लिए नदी के किनारे ना जाए।
वहीं, जीरा नाला में पानी का प्रवाह रुकने से खासतौर पर तोष गांव के पास जीरा नाला में बने हाइडल प्रोजेक्ट के साथ ही नाले के आसपास बने घरों को भी खतरा बना हुआ है।

एसडीएम के मुताबिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। ताकि किसी भी घटना से बचा जा सके।