ऊना, करंट न्यूज : राजधानी शिमला के बाद अब जिला की एक पुलिस कैंटीन में कार्यरत महिला पुलिसकर्मी के साथ एक पुरूष कांस्टेबल द्वारा छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है।

महिला पुलिसकर्मी ने मैहतपुर पुलिस थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़िता हैडकांस्टेबल पद पर तैनात है। जबकि आरोपित कांस्टेबल के पद पर तैनात है।
पुलिस कैंटीन में तैनात हैं पीड़िता
महिला हैडकांस्टेबल ने पुलिस थाना में दी शिकायत में बताया कि इन दिनों उसकी ड्यूटी पुलिस कैंटीन में है। यहां पर पुलिसकर्मी चायपान के लिए आते हैं। इन सभी के साथ यहां तैनात कांस्टेबल शुभम भी आता जाता है।

आरोप है कि अपनी पहुंच और अधिकारियों से करीबी होने की घौंस जमाते हुए शुभम महिला कर्मियों को अकसर छूने का प्रयास करता रहता है। उसकी पहुंच से घबराकर कई जूनियर कर्मी उसके आगे बोलने से डर जाते हैं।
बताया कि कांस्टेबल शुभम अश्लील हरकतें करने के साथ ही अभद्र भाष का भी इस्तेमाल करता है। यही सब उसने कैंटीन में तैनात शिकायतकर्ता पुलिस हैडकांस्टेबल के साथ भी किया। महिला हैड कांस्टेबल ने इसी के मद्देनजर पुलिस को शिकायत सौंपी है।

उधर, एसपी राकेश सिंह ने बताया कि महिला हैड कांस्टेबल ने शिकायत दी है। कांस्टेबल शुभम के विरुद्ध मामला दर्ज करके पुलिस इसकी जांच कर रही है।