मनाली : बीती रात कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग पर जगतसुख के पास शामीनाला में वाहन पार्क करने को लेकर दो व्यक्तियों में हुई बहस मारपीट में बदल गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक चालक पंजाब का बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात 9 बजे के बाद पंजाब से पर्यटकों को लेकर आई दो गाड़ियों के चालकों ने सवारियां उतारकर अपने वाहन सड़क किनारे पार्क किए थे। दोनों अपनी गाड़ियों में बैठकर शराब पी रहे थे।

इतने में एक स्थानीय निवासी गुलशन वहां आया और उनसे बहस करने लगा। मामूली कहासुनी के बाद पंजाब के चालक ने उसे थप्पड़ मार दिया। जिससे गुलशन नीचे गिर गया।
उसके बाद गुलशन ने भी उसे लात मारी, जिससे पंजाब का चालक लुढ़ककर नीचे मकान के लेंटर पर जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई।
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि चालक 47 वर्षीय बलजीत सिंह मान पुत्र सरदार जोगिंदर सिंह निवासी गली नंबर 7 करतार नगर अमृतसर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि शनिवार को एक झगड़े में उसके साथी चालक 41 वर्षीय बलजिंद्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी चंडीगढ़ सेक्टर-14 को लात मारी, जिससे वह करीब 20 फुट नीचे लेंटर पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।

केडी शर्मा ने बताया कि आरोपी फरार है। आरोपी को तलाशने के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय कुल्लू भेज दिया गया है ।