पतलीकूहल (कुल्लू), करंट न्यूज : बीते दिन ग्राम पंचायत अरछण्डी में बागा माहिली में क्रैशर लगाने के लिए अनापत्ति देने बारे एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पंचायत ने बागा माहिली में क्रशर लगाने या न लगाने बारे खंड विकास अधिकारी के पत्र पर शुक्रवार को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया।

ग्राम सभा में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि जब एक बार पहले ही 21 जुलाई 2024 को ग्राम सभा ने इस स्थान पर क्रशर लगाने के लिए अनापति प्रमाण पत्र देने से मना कर दिया है तो फिर से इसी स्थान पर दूसरे को क्रशर देना तर्क संगत नहीं है।

सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने बागा माहिली में क्रशर लगाने का पुरजोर विरोध करते हुए पंचायत को आदेश दिया कि आगे से बागा माहिली में क्रशर लगाने के लिए किसी से भी आवदेन पत्र न लें और प्रशासन को ग्राम सभा के निर्णय से अवगत करवाया जाये।

ग्राम सभा में आये लोगों ने एक मत हो कर अरछण्डी पंचायत के बागा माहिली गांव में क्रशर लगाने के लिये पंचायत से अनापत्ति लेने पर विरोध किया।
ग्राम सभा में पूर्व प्रधान चुनेश्वर ठाकुर ने अपने कहा कि पंचायत में इस प्रकार का प्लांट लगने से क्षेत्र पर बुरा असर पड़ेगा और पर्यावरण को नुक्सान होगा।
उन्होंने हैरानी जताई कि जब ग्राम सभा पहले ही बागा माहिली में क्रशर लगाने का विरोध कर चुकी है, तो अब दूसरे नाम से फिर उसी स्थान पर क्रशर लगाने के लिए अनापति प्रमाण पत्र की मांग करना ग्राम सभा के निर्णय की अनदेखी करना है।

शुक्रवार को फिर से ग्राम सभा में उपस्थित सभी लोगों ने इसका विरोध किया और ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित किया गया। क्रशर लगाने के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति को क्रशर स्थापित करने के लिए ग्राम सभा से अनापती प्रमाण पत्र न दिया जाये। इसके साथ ही निकट भविष्य में भी कोई और व्यक्ति क्रशर लगाने की अनापत्ति लेने आये तो उनकी फाईल ही नहीं ली जाये।