Spread the love

धर्मशाला : कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला के तहत भागसूनाग में पिछले दिन हुई पंजाब के सैलानी की हत्या के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि अभी पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस हत्याकांड में पुलिस तीन से चार और लोगों को भी गिरफ्तार कर सकती है।

जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह लगभग 10 बजे मैक्लोडगंज के भागसूनाग स्थित पार्किंग के पास एक ढाबे में पंजाब के चार लोग हरमनप्रीत सिंह, गगनदीप, संजीव अवान और नवदीप सिंह खाना खाने के लिए पहुंचे थे।

इस दौरान ढाबा मालिक और पंजाब के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस मारपीट में ढाबा मालिक के साथ अन्य स्थानीय लोग व टैक्सी चालक भी मारपीट में उतर आए थे।

मारपीट में 33 वर्षीय नवदीप सिंह पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी गुरुतेग बहादुर नगर टिब्बी डाकघर फगवाड़ा तहसील व जिला कपूरथला पंजाब को गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ढाबे में खाना खाने को लेकर कुछ बात हुई और विवाद बढ़ता चला गया। इस पर ढाबा मालिक, उनके बेटे, पड़ोस के लोगों और कुछ टैक्सी चालकों ने नवदीप और उसके साथियों के साथ मारपीट की।

सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में ली है, उन्हें खंगाला जा रहा है। अगर किसी ने सीसीटीवी की फुटेज को डिलीट करने का प्रयास किया तो पुलिस उस पर भी कार्रवाई अमल में ला सकती है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए भागसूनाग में पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!