Spread the love

करंट न्यूज ब्यूरो
शिमला

हिमाचल सरकार शहरी निकायों के तहत आने वाले सफाई कर्मचारियों को 2 हजार रुपये प्रति माह प्रोत्साहन राशि देगी। यह राशि इस साल के अप्रैल, मई और जून महीने के लिए घोषित की गई है।

वीरवार को शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शहरी निकायों के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल संवाद में यह ऐलान किया। इस प्रोत्साहन राशि का लाभ नगर निगम, नगर परिषद व नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड संकट के इस दौर में सफाई कर्मचारी अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे इन सरकार भी उनके साथ खड़ी है उनकी हर संभव सहायता की जाएगी।

होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की मदद का आग्रह

मुख्यमंत्री ने शहरी निकायों के प्रतिनिधियों से होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की मदद का आग्रह किया। सीएम ने कहा कि इस कठिन समय में शहरी निकायों के प्रतिनिधियों की भूमिका और अधिक बढ़ जाती है। यदि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को कोविड के लक्षण आते हैं तो जन प्रतिनिधियों को ऐसे समय में उनका आरटीपीसीआर टेस्ट करवाने के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निकटतम स्वास्थ्य संस्थानों को पीपीई किट प्रदान करने पर भी विचार कर रही है, ताकि वे लोगों को पीपीई किट प्रदान कर सकें और प्रोटोकॉल के अनुसार अंतिम संस्कार किया जा सके।

प्रवासियों को प्रदेश में रहने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए

मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि इस संकट के समय में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों को कोई परेशानी न आए। इसके लिए भी कदम उठाए जाने चाहिए और उन्हें प्रदेश में रहने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। लक्षण वाले लोगों को कोरोना जांच करवाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधियों को देश के अन्य भागों से उनके संबंधित क्षेत्रों में आने वाले लोगों पर भी निगरानी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे व्यक्तियों में कोई लक्षण हैं तो उन्हें आरटी-पीसीआर जांच करवाने और कम से कम 10 दिनों के लिए होम क्वारंटीन में रहने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

17 मई से 18 से 44 साल के आयु वर्ग वालों को वैक्सीनेशन शुरू होगी

उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को गरीबों और जरूरतमंद लोगों को फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर और फूड किट वितरित करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को उचित सुरक्षा उपकरण प्रदान किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि 17 मई से 18 से 44 साल के आयु वर्ग वालों को वैक्सीनेशन शुरू होगी। इस अभियान में भी शहरी निकायों को सहयोग देना चाहिए।

वर्चुअल संवाद में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भी जन प्रतिनिधियों को कोविड के खिलाफ लड़ाई में आगे आने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से यह आग्रह भी किया कि कोरोना के कारण मौत का शिकार होने वालों के अंतिम संस्कार के राज्य वन निगम से निशुल्क लकड़ी प्रदान की जाए।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!