करंट न्यूज ब्यूरो
मनाली
मनाली विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष हरी चन्द शर्मा ने कहा कि भाजपा के लोग झूठा और भ्रामक प्रचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। इसका स्पष्ट उदाहरण है कि पूर्व में जब हिमाचल में कांग्रेस की सरकार थी तो मौके का फायदा उठाते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने यह प्रचार किया। कि जिन लोगों की भूमि फोरलेन में लगी है उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जाएगा और फैक्टर टू लागू होगा।
इसी वायदे के चलते जनता ने भाजपा को वोट दे दिए। कहा कि भाजपा के जो झूठे वायदे के झांसे में फंसकर प्रदेश की जनता ने भाजपा को वोट तो दे दिए परंतु जैसे ही भाजपा की सरकार प्रदेश में बनी। वैसे ही भाजपा सरकार फोरलेन प्रभावितों के मुद्दों को भूल ही गई।
जबकि भाजपा ने चुनाव से पहले इस मसले को प्रमुखता से अपने चुनावी घोषणापत्र में डाला था। लेकिन अब प्रदेश में भाजपा की सरकार को 4 साल हो गए हैं परंतु प्रदेश सरकार ने फोरलेन प्रभावितों के मुद्दों पर चुप्पी साध रखी है।
हरीचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश के कितने ही लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। लेकिन सरकार फिर भी मूकदर्शक बनी हुई है। कहा कि सरकार को चाहिए कि समय रहते फोरलेन प्रभावितों को राहत प्रदान करें। जिससे फोरलेन प्रभावितों के हितों पर जो खतरा मंडराया हुआ है उससे इन लोगों का बचाव हो सके।
हरीचंद शर्मा ने कहा कि मनाली कांग्रेस फोरलेन प्रभावितों की इस समस्या को जल्द हल करने की मांग करती आ रही है लेकिन प्रदेश सरकार इस मसले पर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुये है।
कहा कि मनाली विधानसभा कांग्रेस फोरलेन प्रभावितों की मांग का समर्थन करती है। कहा कि फोरलेन प्रभावित किसी एक पार्टी के लोग नहीं है अपितु सभी पार्टियों के लोग इससे प्रभावित हैं।
ऐसे में सरकार को एक दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस समस्या की ओर ध्यान दे कर इसे जल्द हल करना चाहिए। ताकि लोगों को राहत मिल सके। कहा कि सरकार ने इस मसले के समाधान के लिये जो कमेटी बनाई है, वह प्रभावितों के हित में फ़ैसला लें और सरकार इसे शीघ्रतिशीघ्र लागु करें।