करंट न्यूज ब्यूरो
शिमला
अब तीन फरवरी से हिमाचल के तमाम शिक्षण संस्थान खुल जायेंगे। इसके अलावा अब कर्मचारी भी पूरा सप्ताह कार्यालय में आयेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में सरकार ने कोरोना पाबंदियों में राहत दी है।
मंत्रिमंडल की बैठक में निर्णय लिया गया कि अब तीन फरवरी से नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी स्कूल आएंगे, इनकी नियमित कक्षाएं लगेंगी। स्टाफ को पहली फरवरी से ही स्कूल आना होगा।
इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि सभी सरकारी कार्यालय शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ छः दिन खुलेंगे। इसके अलावा प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो सकता है।
इसके अलावा सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों में लोगों की तय संख्या में भी राहत दी गई है। मंत्रिमंडल की बैठक में निर्णय लिया गया है कि प्रदेश में आउटडोर में किसी भी प्रकार के आयोजन में 500 लोग शामिल हो सकेंगे।
जबकि इनडोर में अढ़ाई सौ लोग शामिल हो सकेंगे। उल्लेखनीय है कि अभिभावकों सहित विभिन्न संगठन स्कूलोें को खोलने की मांग करते आ रहे थे।