हमीरपुर
हमीरपुर जिले में खनन माफिया पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले दिन सुजानपुर में ब्यास नही में अवैध खनन माफिया पर पुलिस द्वारा आधी रात को की छापेमारी के दौरान फरार हुए छः आरोपियों को पुलिस ने धर दबोच है।
साथ ही पुलिस द्वारा खनन माफिया के मुख्य सरगना तक पहुंचने का प्रयास भी किया जा रहा है। ताकि यह सफ हो सके कि अवैध खनन के इस मामले में पकड़े गए आरोपियों के तार किससे जुड़े हैं? वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि अवैध खनन का यह धंधा कब से चला हुआ था।
प्रारंभिक छानबीन में यह सामने आया है कि खनन कर सामग्री को कांगड़ा स्थित एक स्टोन क्रशर में ले जाया जा रहा था। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार देर रात दो बजे कांगड़ा और हमीरपुर जिले की सीमा पर पुलिस ने खनन माफिया पर बड़ी कार्रवाई की थी।
सुजानपुर थाना के अंतर्गत जंगल खास नामक जगह पर नदी में अवैध खनन करते हुये पांच जेसीबी और 13 टिप्पर को जब्त किया गया है। मामले में 16 लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए तलब किया था। अब इस मामले में पुलिस ने छः और लोगों को अवैध खनन के आरोप में पकड़ा है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात्रि को हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके से 6 वाहन चालक फरार हो गए थे। रविवार को फरार हुए वाहन चालकों को भी गिरफ्त में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। सुजानपुर थाना प्रभारी सतपाल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुये बताया पुलिस मामले की गहनता जांच कर रही है।