करंट न्यूज ब्यूरो
मंडी
जिला के उपमंडल सुंदरनगर में जहरीली शराब पीकर 7 लोगों की मौत मामले में डीजीपी द्वारा गठित पुलिस एसआईटी की जांच पंजाब के जालंधर और पटियाला तक पहुंच गई है।
मामले में पुलिस टीमों ने बड़ी कार्रवाई करते अवैध शराब की बोतल पर चिपकाए जाने वाले 50 हजार फर्जी स्टीकर जब्त किए हैं। इसके अलावा मौके से आरोपियों द्वारा प्रयोग कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, फोन डिटेल भी पुलिस ने हासिल कर ली है। इनमें से कई दस्तावेज व सामान पंजाब के जालंधर व पटियाला से लाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेंद्र उर्फ कालू से पूछताछ के बाद बीएसएल नहर सुंदरनगर में फैंकी गई जहरीली शराब से भरी तीन बोतलें भी बरामद की हैं।
आरोपी कालू द्वारा पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान शराब की कई पेटियां नहर में फैंक कर नष्ट करने की जानकारी पुलिस को दी गई है। अब पुलिस द्वारा नहर में फैंकी गई अवैध शराब की पेटियों को ढूंढने के लिए गोताखोरों की मदद ली जाएगी।