Spread the love

प्रिया शर्मा,
वरिष्ठ संवाददाता, करंट न्यूज़।

कुल्लू : अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा खत्म हुए लगभग एक महीना होने को आ गया। भगवान रघुनाथ अपने रघुनाथपुर लौट गए, ठारा करडू री सौह में आये तमाम देवता भी अपने देवालयों को लौट गए। जबकि मेला धीमी गति से चल रहा है।

लेकिन कुल्लू शहर की सड़कों पर अब भी दशहरे वाला ही ट्रैफिक प्लान चल रहा है।

सवाल सीधा है – जब दशहरा ही खत्म हो गया, तो जनता की बसें क्यों नहीं लौटीं? मुख्य मार्ग सुनसान, लंबी दूरी की बसों को कब तक बंद रखा जाएगा?

दशहरे के दौरान सरवरी बस अड्डे से भुंतर (झिड़ी) तक वाया मौहल लंबी दूरी की बसों पर रोक लगाई गई थी।

पहले दशहरा-दीपावली के बाद व्यवस्था बहाल हो जाती थी। लेकिन इस बार एक महीने बाद भी बसें पुराने रूट पर नहीं लौटीं।

बाहरी राज्यों व जिलों से आने वाली लंबी दूर को बसों को झिड़ी व भुंतर से वाया फोरलेन भेजा जा रहा है। केवल छोटी बसें, जो केवल कुल्लू-भुंतर के बीच चलती हैं, वही चल रही हैं। वह भी शाम 6-7 बजे के बाद चलना बन्द हो जाती हैं। नतीजा आधी रात को गैमन पुल पर उतर, सामान उठाकर पैदल भटकता है यात्री

देर रात कुल्लू पहुंचने वाले यात्रियों को गैमन पुल, जिया या सरवरी बस अड्डे पर उतार दिया जाता है। अब सोचिए – रात के 11-12 बजे, हाथ में भारी बैग, साथ में बच्चे और बुजुर्ग मां-बाप।

भुंतर, बजौरा, शमशी, वर्कशॉप, मौहल, बदाह, गांधीनगर जाने वाले को आगे का सफर कैसे तय करना है? ये प्रशासन को नहीं दिखता। महिलाएं डरी हुई हैं, बुजुर्ग परेशान हैं, परिवार रात में ऑटो के लिए भटक रहा है।

मुद्रिका बस भी ठप, ऑटो वालों की चांदी, जनता की जेब खाली

सिर्फ लंबी दूरी की बसें ही नहीं, शहर की अपनी मुद्रिका सेवा भी ठप है। बाशिंग से मौहल तक चलने वाली मुद्रिका दशहरे से पहले ही बंद हो गई, जो आज तक शुरू नहीं हुई।

अखाड़ा बाजार और रामशिला में भी वही हाल। बस बंद, जनता ऑटो पर निर्भर।

अखाड़ा-रामशिला में हजारों परिवार रहते हैं। रोज स्कूल जाने वाले बच्चे, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी, नौकरीपेशा, अस्पताल जाने वाले बुजुर्ग – सबको रोज ऑटो का किराया देना पड़ रहा है। मध्यम वर्गीय परिवार के लिए ये रोज का खर्चा अब बोझ बन गया है।

प्रशासन सोया है, पुलिस की नाकामी ही कानून बन गया?

लोगों का गुस्सा अब फूट रहा है। कि यातायात प्रबंधन के नाम पर एक महीने से जनता को सजा क्यों दी जा रही है? दशहरा प्लान की समीक्षा किसने करनी है? प्रशासन को ये प्लान हटाने में इतनी देर क्यों लग रही है? कोई पता नहीं। जबकि अहम बात यह है कि ट्रैफिक मैनेजमेंट जनता की सुविधा के लिए होता है, जनता को परेशान करने के लिए नहीं।

जनता की 2 सीधी मांगें – अब बहाना नहीं चलेगा

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से साफ मांग रखी है कि कुल्लू-भुंतर मुख्य मार्ग पर लंबी दूरी की बसें तुरंत बहाल करो।
बाशिंग-मौहल और अखाड़ा-रामशिला रूट पर मुद्रिका बस सेवा तुरंत शुरू करो।

अब देखना ये है कि प्रशासन कब जागता है? जनता को और कब तक सड़क पर भटकना पड़ेगा, कब तक कुल्लू भुंतर के बीच लंबी दूरी की बसों की रौनक लौटेगी?

फिलहाल तो कुल्लू का हाल ये है – दशहरा खत्म, मगर जनता की परेशानी अभी भी जारी है। प्रशासन बैठकों में व्यस्त है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!