शिमला, करंट न्यूज़ : तिरंगा जब 8000 मीटर की ऊंचाई पर फहरता है, तो पूरा देश सिर झुकाकर सलाम करता है। लेकिन शिमला की कुर्सियों पर बैठे नेताओं को शायद ये सलाम करना नहीं आया।
सोलन की बेटी *बलजीत कौर* ने वह कर दिखाया, जो आज तक कोई भारतीय नहीं कर पाया। और बदले में उसे अपने ही प्रदेश से मिली – *खामोशी।*
*राष्ट्रपति ने दिया सम्मान, प्रदेश के नेता भूल गए बधाई?*
13 नवंबर 2026 को राष्ट्रपति *द्रौपदी मुर्मू* ने बलजीत कौर को देश के सबसे बड़े साहसिक सम्मान *तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024* से नवाजा।
पूरे देश ने ताली बजाई। अखबारों में खबर छपी। लेकिन हिमाचल के मुख्यमंत्री और बड़े नेताओं की तरफ से कोई खुली बधाई, कोई ट्वीट, कोई फोन सार्वजनिक रिकॉर्ड में नजर नहीं आया।
सवाल सीधा है – *जब बेटी दिल्ली में सम्मानित हो रही थी, तो शिमला में सरकार सो रहा थी क्या?*
*प्रवीण को बधाई, बलजीत पर चुप्पी – ये दोहरा मापदंड क्यों?*
10 जनवरी 2024 को कांगड़ा के *प्रवीण सिंह* को यही पुरस्कार मिला, तो मुख्यमंत्री *सुखविंदर सिंह सुक्खू* ने तुरंत सार्वजनिक बधाई दी थी। वो बधाई सही थी, सराहनीय थी।
तो फिर अब *बलजीत कौर* के लिए वही हाथ क्यों नहीं उठे? वही कलम क्यों नहीं चली?
क्या इसलिए कि बलजीत सोलन की एक साधारण परिवार की बेटी है? क्या इसलिए कि उसके पीछे कोई राजनीतिक लॉबी नहीं है? या फिर नेताओं को सिर्फ वही खिलाड़ी दिखते हैं, जो उनके करीब होते हैं?
*एक को बधाई, दूसरी को अनदेखी – ये कैसा न्याय है?*
*2022 में रचा था इतिहास, अपने प्रदेश का आज तक नहीं मिला सलाम*
बलजीत कौर की उपलब्धि कोई मामूली नहीं है। 2022 में एक ही सीजन में उन्होंने *8000 मीटर से ऊंची 5 चोटियां* फतह की।
*एवरेस्ट, कंचनजंगा, ल्होत्से, मकालू व अन्नपूर्णा* – नाम सुनकर ही सांस फूल जाए, बलजीत ने उन पर तिरंगा फहरा दिया।
ऐसा करने वाली वह *पहली भारतीय पर्वतारोही* बनीं। दुनिया ने माना, देश ने माना, पर अपना प्रदेश अब तक चुप है।
*सम्मान का मतलब सिर्फ कैश नहीं, शाबाशी के दो शब्द ही काफी*
पुरस्कार के साथ पैसा, प्रशस्ति पत्र, मेडल – सब मिलता है। लेकिन खिलाड़ी को सबसे ज्यादा ताकत देती है – *अपने प्रदेश की एक शाबाशी।*
मुख्यमंत्री का एक फोन, मंत्री की एक बधाई – बस इतना ही काफी था।
लेकिन जब बेटी ने दुनिया की सबसे कठिन चोटियों पर जान दांव पर लगाई, देश का तिरंगा फ़हराया, तो उसके अपने नेताओं के पास दो शब्द भी नहीं थे?
*ये चूक है या जानबूझकर की गई अनदेखी? सरकार को जवाब देना होगा।*
*राज्यपाल ने 2023 में ही पहचान लिया था, सरकार अब तक अनजान?*
मई 2023 में तत्कालीन राज्यपाल *शिव प्रताप शुक्ल* ने बलजीत को राजभवन बुलाकर सम्मानित किया था। संवैधानिक प्रमुख ने तब ही समझ लिया था कि ये बेटी हिमाचल का गौरव है।
तो फिर चुनी हुई सरकार को ये गौरव अब तक क्यों नहीं दिखा? क्या सरकार की नजर सिर्फ पर्यटन के पोस्टर और भाषणों तक ही सीमित है?
सरकार कहती है – युवाओं को खेलों से जोड़ेंगे, बेटियों को आगे बढ़ाएंगे, हिमाचल को दुनिया में पहचान दिलाएंगे, तो फिर जब बेटी ने दुनिया में पहचान दिला दी, तो सरकार कहां दुबक गई?
*बेटियों के सपनों पर चुप्पी का ताला क्यों?*
बलजीत कौर किसी मंच की मोहताज नहीं। उसे सिफारिश नहीं, साहस ने यहां तक पहुंचाया है।
लेकिन उसकी अनदेखी उन हजारों बेटियों के सपनों पर चोट है, जो छोटे गांवों से निकलकर एवरेस्ट पर चढ़ाई करने का सपना देखती हैं।
उन्हें ये भरोसा कौन देगा कि अगर वो भी बलजीत बन गईं, तो उनका प्रदेश उनके साथ खड़ा होगा? या उन्हें भी इसी तरह की चुप्पी मिलेगी?
*बलजीत ने अपना फर्ज निभा दिया – अब बारी प्रदेश की है।*
*सवाल अब भी जिंदा है – हिमाचल की बेटी को अपने ही प्रदेश का सम्मान कब मिलेगा?*