Spread the love

चंबा, करंट न्यूज़ : बणी गांव से सलूणी जाते वक्त शल्यूंड नाले के पास हादसा – पति क्लर्क, 6 साल की बेटी और भाभी जख्मी, मासूम बेटे की हालत गंभीर, टांडा रेफर*

चंबा, करंट न्यूज़ : चंबा-संघणी मार्ग पर रविवार सुबह एक परिवार की खुशियों भरी यात्रा मातम में बदल गई। शल्यूंड नाले के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में 33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति, दो मासूम बच्चे और परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

टीचर थी पुनीता, पति कॉलेज में क्लर्क

मृतका पुनीता देवी बणी गांव, पंचायत सलूणी की रहने वाली थीं और टिकरू स्कूल में अध्यापिका थीं। उनके पति हरिंद्र कुमार (38) सलूणी कॉलेज में क्लर्क हैं।

रविवार सुबह पूरा परिवार अपनी कार से बणी गांव से सलूणी जा रहा था। इसी दौरान शल्यूंड नाले के पास ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार खाई में लुढ़क गई।

ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और कार में फंसे लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। सभी को तुरंत सिविल अस्पताल सलूणी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुनीता को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में पति हरिंद्र, 6 साल की बेटी शानवी, 3 साल का बेटा समर्थ और हरिंद्र की भाभी रेखा (56) शामिल हैं।

3 साल के बेटे की हालत नाजुक

सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। वहां 3 साल के समर्थ की हालत बिगड़ने पर उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा और हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!