जोगिंद्रनगर (मंडी), करंट न्यूज़ : कहावत है कि बुढ़ापे में बेटा-बेटी ही सहारा बनते हैं, लेकिन मंडी जिले के जोगिंद्रनगर से आई खबर ने पूरे समाज को शर्मसार कर दिया है।
उपमंडल के मुशैहरा गांव में एक बुजुर्ग पिता को उसी के कलयुगी बेटे और बहू ने मौत के घाट उतारने की कोशिश की।

नींद में सो रहे पिता की आंखों में झोंका मिर्ची पाउडर
पीड़ित बुजुर्ग लेखराज रात को अपने कमरे में गहरी नींद में थे। पुलिस शिकायत के मुताबिक, उनका बेटा राहुल दबे पांव कमरे में घुसा और सोते हुए पिता की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया।
जलन से बुजुर्ग तड़प उठे, उन्हें कुछ दिखाई देना बंद हो गया। इसी बेबसी का फायदा उठाकर बेटे ने उन पर हमला बोल दिया।
बहू ने बांधे ससुर के हाथ, फिर बरसाया कहर
इस दरिंदगी में बहू ममता भी पीछे नहीं रही। बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि जब वह खुद को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब बहू ने उनके दोनों हाथ बांध दिए ताकि वह विरोध न कर सकें।
हाथ बंधे होने के बाद निहत्थे बुजुर्ग पर जमकर वार किए गए। हमले में लेखराज के सिर पर गंभीर चोट आई है। आरोप है कि दोनों ने बुजुर्ग को जान से मारने की धमकी भी दी।
किसी तरह बचाई जान, पुलिस भी रह गई सन्न
किसी तरह जान बचाकर बुजुर्ग जोगिंद्रनगर थाने पहुंचे और आपबीती सुनाई। उनकी हालत और कहानी सुनकर पुलिस कर्मी भी सन्न रह गए।

मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
जोगिंद्रनगर पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर बेटे राहुल और बहू ममता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किस वजह से एक बेटा अपने ही पिता की जान का दुश्मन बन गया। क्या इसके पीछे संपत्ति विवाद है या कोई और पारिवारिक कलह? पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।