Spread the love

सैंज (कुल्लू) | करंट न्यूज़: जिला की सैंज घाटी की बिटिया ममता सोनी ने हौंसले की उड़ान को मजबूती देते हुए अपने सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील पत्थर स्थापित किया है।

ममता सोनी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET-2026 में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। ममता ने परीक्षा में 482 अंक प्राप्त किए हैं।

कड़ी मेहनत से मिली सफलता

ममता कुल्लू जिला के बंजार उपमंडल की ग्राम पंचायत रैला-2 के गांव शेतीटोल निवासी इंद्र चंद सोनी की पुत्री हैं। वह बचपन से ही पढ़ाई में तेज रही हैं। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय से स्कूली शिक्षा पूरी की और वहां प्रथम स्थान प्राप्त किया।

12वीं के बाद ममता ने शिमला स्थित एसपायर संस्थान में एक वर्ष तक NEET की तैयारी की। अनुशासन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

परिवार और गुरुओं को दिया श्रेय

ममता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा, “यदि लक्ष्य स्पष्ट और उसे पाने का दृढ़ संकल्प हो, तो मेहनत हर कठिनाई को आसान बना देती है।”

उनके पिता इंद्र चंद सोनी NHPC में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

क्षेत्र में खुशी की लहर

ममता की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने परिवार को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी इस सफलता ने सैंज घाटी के अन्य विद्यार्थियों में भी नया उत्साह और आत्मविश्वास भरा है।

ममता अब चिकित्सक बनने के सपने को साकार करने की ओर एक मजबूत कदम बढ़ा चुकी हैं।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!