कुल्लू : जिला की भुंतर तहसील के तहत कशावरी इलाके में एक 14 वर्षीय छात्रा द्वारा भ्रैण गांव के नांडा पूजू जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी।
मृतका की पहचान 14 वर्षीय मुस्कान पुत्री अमरनाथ, निवासी गांव देऊगरा डाकघर भ्रैण, जिला कुल्लू के तौर पर हुई है। वह वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छमाहण में 9वीं कक्षा की छात्रा थी।
मिली जानकारी के मुताबिक मुस्कान सुबह करीब 8:30 बजे अपनी सहेलियों के साथ स्कूल के लिए निकली थी। रास्ते में जब वे नांडा पूजू जंगल के पास पहुंचे तो मुस्कान ने सहेलियों से कहा कि उसे वॉशरूम जाना है।
इसके बाद उसकी सहेलियां आगे बढ़ गईं। जब करीब 10 मिनट बीतने के बाद भी मुस्कान नहीं आई तो सहेलियां उसे ढूंढते हुए पीछे लौटीं। उन्होंने मुस्कान को पेड़ की टहनी से दुपट्टे के फंदे पर लटके हुए पाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।