पंचकूला (हरियाणा) : पंचकूला स्थित अमरावती एन्क्लेव में हिमाचल पुलिस के एक बड़े अधिकारी के परिवार द्वारा कथित तौर पर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। जिसके तहत हिमाचल पुलिस के आईजी विमल गुप्ता की पत्नी व उनके नाबालिग बेटे पर एक महिला और उसके बच्चों के साथ मारपीट, बदसलूकी और गाड़ी में तोड़फोड़ करने के गंभीर आरोप लगे हैं। वहीं पिंजौर पुलिस ने शिकायत मिलने पर आईजी की पत्नी सहित लगभग 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक एक स्थानीय ट्रांसपोर्ट कारोबारी की पत्नी अनुपम धनवान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 28 फरवरी की शाम को वह अपने परिवार के साथ बाहर से लौट रही थीं। तब आईजी के नाबालिग बेटे ने बिना नंबर वाली और लाल-नीली बत्ती लगी अपनी स्कॉर्पियो को उनकी थार गाड़ी के आगे लगा दिया।

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने शराब के नशे में धुत होकर बेसबॉल बैट से उनकी थार के शीशे तोड़ दिए। उस दौरान बच्चे गाड़ी में ही थे, बुरी तरह से डर गए थे। आरोप लगाया है कि गाड़ी का शीशा टूटने के बाद युवक ने उनके एक बच्चे की गर्दन पकड़ ली और अपने पिता के रसूख की धौंस दिखाते हुए धमकी दी।
महिला ने आरोप लगाया है कि इस दौरान आईजी की पत्नी ने भी कथित तौर पर गाली-गलौज की। जब महिला ने आईजी विमल गुप्ता को फोन किया, तो उन्होंने भी कथित तौर पर मदद करने के बजाय पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित करते हुए उनको ही चैलेंज कर दिया।

शिकायतकर्ता अनुपम धनवान का कहना है कि आरोपी पिछले 6 महीनों से उनके बच्चों को स्कूल और घर के आसपास परेशान कर रहा है। हालांकि उन्होंने इससे पहले अप्रैल 2025 में भी शिकायत दी थी, लेकिन दबाव के चलते समझौता करना पड़ा था।

लेकिन पुलिस ने इस बार कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं—191(3), 190, 115(2), 126(2), 324(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के मुताबिक हिमाचल पुलिस के आईजी के बेटे पर शराब के नशे में पड़ोसी के बच्चों पर हमला करने का आरोप है। इसके अलावा आरोपी ने थार के शीशे तोड़े, बच्चे की गर्दन पकड़ी और धमकी दी—”आज आईजी के बेटे की बात न मानने का मजा चखाऊंगा।” वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।