नाहन (सिरमौर), करंट न्यूज़ : वीरवार सांय जिला के संगड़ाह उपमंडल के तहत हरिपुरधार सड़क मार्ग पर दो भाई हादसे का शिकार हो गए। उनका मोटरसाइकिल खाई में गिर जाने से बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर घायल हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार शाम लगभग 5:30 बजे हरिपुर धार सड़क में खरोटियो खाला के पास एक मोटरसाइकिल खाई में गिर गया। जिस पर दो सगे भाई सवार थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र पुत्र स्व. लायक राम निवासी गांव पंजाह तहसील संगड़ाह ने बयान में बताया गया कि वह निजी कार्य से नौहराधार गया हुआ था और वापसी के दौरान उसने देखा कि एक मोटरसाइकिल हरिपुरधार की ओर जाते समय अचानक नीचे जंगल की तरफ खाई में जा गिरा।
दुर्घटना के समय मोटरसाइकिल पर दो सगे भाई सवार थे। जितेंद्र ने बताया कि उसने एंबुलेंस को फोन किया और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण कुमार पुत्र राजेंद्र निवासी गांव लालग, डाकघर बडोल, तहसील संगड़ाह जिला सिरमौर के तौर पर हुई है। जबकि उसके छोटा भाई की पहचान 18 वर्षीय रमन के तौर पर हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।