Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश में जनता पहले ही कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटियों से परेशान चल रही है तो वहीं अब कुल्लू, मनाली में पानी के बढ़े हुए बिलों से आम जनता त्रस्त हो गई है। हालांकि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी दशहरा उत्सव के दौरान पानी के बिलों को कम करने का जनता को आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक उसमें कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

जिला भाजपा के अध्यक्ष अमित सूद ने कांग्रेस सरकार तथा कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को घेरते हुए कहा कि लोगों ने उपमुख्यमंत्री और कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के कहने पर पानी के बिल नहीं भरे हैं। लेकिन अब विभाग के द्वारा पानी के बिल न भरने पर लोगों पर भारी भरकम जुर्माना लगाया जा रहा है। ऐसे में अब जनता किसका विश्वास करें।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को स्थानीय जनता ने जोर शोर से प्रशासन तथा सरकार के समक्ष रखा था और उन्हें उम्मीद थी कि सरकार उनके हितों की रक्षा करेगी। लेकिन पानी के बिल बिल्कुल भी कम नहीं हुए। पहले ही जनता सरकार की गलत नीतियों से परेशान है और अब पानी के बढ़े हुए बिलों से भी लोग काफी परेशानी में चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जहां पहले तीन महीने में पानी का बिल एक हजार रुपए आता था तो अब वही बिल 10 हजार रुपए तक पहुंच गया है। इसके अलावा कुल्लू और मनाली में कई संस्थानों में पानी के बिल एक एक लाख से ऊपर दिए जा रहे हैं।

वहीं जनता जब जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से इस बारे बात कर रही है तो विभाग का भी कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई भी अधिसूचना जारी नहीं हुई है।

उन्होंने कहा अगर सरकार के द्वारा अधिसूचना जारी की गई होती तो आज लोगों को इतना परेशान नहीं होना पड़ता। उन्होंने सरकार और उपमुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता और आम जनता के हितों को देखते हुए पानी के बढ़े हुए बिल को तुरंत वापिस ले।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!