Spread the love

करंट न्यूज ब्यूरो
हमीरपुर


मजदूरों के हकों की लड़ाई लड़ने का दावा करने वाली सीटू और सीपीआईएम के नेताओं पर आउटसोर्स कर्मियों से ठगी के गंभीर आरोप लगे हैं। सीपीआईएम के नेता रहे अनिल मनकोटिया ने यह आरोप लगाए हैं।

इस संबंध में एसपी हमीरपुर को उन्होंने मंगलवार को शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत पत्र में उन्होंने आउट सोर्स कर्मचारियों से लाखों रुपये ऐंठने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

अनिल मनकोटिया ने पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को शिकायत पत्र सौंपने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि सीटू के एक नेता ने लाखों रुपए यह कहकर आउटसोर्स कर्मचारियों से ऐंठे हैं कि वह उन्हें रेगुलर करवा देंगे और कोर्ट में इस मामले में उनके लिए केस लड़ेंगे।

नेताओं ने कहा कि केस के दौरान जज को भी घूस देने के लिए पैसों की जरूरत है। उनका कहना है कि सीपीआईएम और सीटू के वरिष्ठ नेताओं को भी इसकी जानकारी थी बावजूद इसके इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई।

गौरतलब है कि प्रदेशभर के लगभग 300 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों से लाखों रुपए वसूलने के आरोप लगे हैं। आरोप के मुताबिक एक एक कर्मचारी से 50 हजार से 1 लाख रुपये तक वसूले गए हैं। उन्हें नियमित करने का झांसा देकर यह वसूली की गई है।

अनिल मनकोटिया ने कहा कि जब इस विषय पर सवाल उठाए गए तो उन्हें सीपीआईएम से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। वहीं, इस मामले में सीटू के राष्ट्रीय सचिव एवं सीपीआईएम के वरिष्ठ नेता कश्मीर सिंह ठाकुर मनकोटिया के खिलाफ एक शिकायत पुलिस को पहले ही सौंप चुके हैं। उन्होंने मनकोटिया पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!